वाराणसी। बीएचयू के सामाजिक विज्ञान संकाय की पं. दीनदयाल पीठ की ओर से आजादी के अमृत महोत्सव सम्मान समारोह के क्रम में लोकगायिका मालिनी अवस्थी को भारतीय संस्कृति सम्मान से नवाजा गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय के रेक्टर प्रो. वीके शुक्ल थे।
समारोह में प्रदेश के अपर सचिव (गृह) अवनीश अवस्थी को भारतीय संस्कृति के संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान के लिए पं. दीन दयाल उपाध्याय अमृत महोत्सव सम्मान दिया गया। प्रो. वीके शुक्ल ने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय पीठ ने विगत दो वर्षो में अद्भुत कार्य किया है। इस कार्य के लिए संकाय प्रमुख प्रो. कौशल किशोर मिश्र को बधाई दी। पद्मश्री मालिनी अवस्थी ने कहा कि मैं इस विशेष सम्मान को प्राप्त कर बहुत ही अह्लादित हूँ। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति और भारतीय परम्परा की झलक हमारे लोक गीतों में विद्यमान है, इसका प्रभाव हमें भारतीय ग्रामीण समाज में देखने को मिलता है। अध्यक्षता प्रो. कौशल किशोर मिश्र ने की। प्रो. अरविन्द कुमार जोशी ने आभार जताया। संचालन डॉ. शरदधर शर्मा ने किया।