वाराणसी। बीएचयू में मौजूदा प्रशासनिक और ढांचागत व्यवस्था की समीक्षा के लिए कुलपति प्रो. सुधीर कुमार जैन द्वारा गठित तीन सदस्यीय समिति के सदस्यों ने मिर्जापुर के बरकछा स्थित विश्वविद्यालय के दक्षिणी परिसर का रविवार को दौरा किया तथा परिसर के संकाय सदस्यों, अधिकारियों तथा कर्मचारियों से संवाद किया।
भारत सरकार में पूर्व सचिव पवन अग्रवाल की अध्यक्षता वाली समिति में पूर्व उप नियंत्रक व महालेखा परीक्षक पराग प्रकाश तथा शिक्षा मंत्रालय के पूर्व संयुक्त सचिव आरडी सहाय सदस्य हैं। विश्वविद्यालय की संयुक्त कुलसचिव डॉ. सुनीता चन्द्रा समिति की सचिव हैं। प्रो. विनोद कुमार मिश्र, आचार्य प्रभारी, राजीव गांधी दक्षिण परिसर, ने समिति के सदस्यों को परिसर के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी दी की तथा वहां होने वाली विभिन्न गतिविधियों से अवगत कराया। प्रो. शाहिद परवेज, संकाय प्रमुख, पशु चिकित्सा विज्ञान संकाय ने संकाय के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
समिति के सदस्यों ने शिक्षकों, अधिकारियों, शिक्षण एवं गैर शिक्षण कर्मचारियों से विभिन्न विषयों पर वार्तालाप किया। समिति ने विभिन्न पक्षधारकों से बातचीत कर सुगम प्रशासनिक एवं वित्तीय कामकाज में आने वाली समस्याओं के बारे में जानने और संभावित समाधानों पर सुझाव मांगने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह समिति मुख्य परिसर समेत दक्षिणी परिसर की मौजूदा प्रशासनिक व ढांचागत व्यवस्था की समीक्षा करेगी। प्रशासन की कार्यक्षमता बढ़ाने व उसे अधिक प्रतिक्रियाशील बनाने के उपाय सुझाएगी।
समिति प्रशासनिक व वित्तीय मामलों में विभिन्न विभागों के भूमिका पर गौर करने के साथ-साथ उन्हें पुनः परिभाषित करेगी। साथ ही विभिन्न विभागों के मध्य समन्वय के साथ कामकाज, विलंब कम करने, कामकाज को निर्धारित समय पर पूर्ण करने, कार्यक्षमता, जवाबदेही, पारदर्शिता तथा वित्तीय अनुशासन लाने के लिए सिफारिशें करेगी। उप कुलसचिव डॉ. अजय कुमार ने आभार जताया। समिति के सदस्यों के साथ कुलसचिव प्रो. अरुण कुमार सिंह, कृषि विज्ञान संस्थान निदेशक प्रो. यशवन्त सिंह, कम्प्यूटर सेन्टर के क्वार्डिनेटर डॉ. संजय कुमार भी ने भी दक्षिणी परिसर का दौरा किया।