वाराणसी। बीएचयू के विज्ञान संस्थान के बीएससी (गणित एवं जीव विज्ञान) सेमेस्टर प्रथम सत्र 2022-23 के नव-प्रवेशी विद्यार्थियों के लिए अभिविन्यास कार्यक्रम का आयोजन बुधवार को स्वतंत्रता भवन में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के संस्थापक भारत रत्न पंडित मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया। स्वागत भाषण संस्थान के छात्र सलाहकार डॉ. अमिय कुमार सामल ने दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को संस्थान में होने वाले विभिन्न शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। गणित विभाग के प्रो. शशि कांत मिश्रा ने विश्वविद्यालय की स्थापना के बारे में विद्यार्थियों को जानकारी दी तथा संस्थान के पठन-पाठन से सम्बंधित चर्चा की।
संस्थान के निदेशक प्रो. अनिल कुमार त्रिपाठी ने विश्वविद्यालय से जुड़े महत्वपूर्ण वैज्ञानिकों का वर्णन किया तथा विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में कुशल कार्य करने हेतु प्रोत्साहन प्रदान किया। संस्थान के छात्रावास-समन्वयक प्रो. रंजन कुमार सिंह ने एंटी-रैगिंग के विषय पर चर्चा की। खेल कूद से जुड़ी गतिविधियों के बारे में विस्तृत जानकारी संस्थान की प्रो. निर्मला होरो ने दिया।
एनसीसी एवं एनएसस से जुड़कर विश्वविद्यालय एवं समाज में योगदान देने हेतु क्रमश: प्रो. संजीव एवं डॉ. रोहित पांडेय ने छात्रों को प्रेरित किया। संकाय प्रमुख प्रो. मधुलिका अग्रवाल ने विद्यार्थियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का उत्तर दिया तथा उनके विज्ञान के क्षेत्र में जुड़कर सफलता प्राप्त करने की कामना की। कार्यक्रम में संस्थान के 1000 छात्रों सम्मिलित हुए। आयोजन समिति में दिव्यांशु सिन्हा, ऋषभ कुमार, विकास पटेल, अनिमेष राय आदि का योगदान रहा।