वाराणसी। बीएचयू में पढ़ रहे दृष्टिबाधित छात्र-छात्राओं को शुक्रवार को विशेष छात्रवृत्ति प्रदान की गई। स्कॉलरशिप पाकर इनके चेहरे खिल उठे। इन छात्र-छात्राओं को यह स्कॉलरशिप हेल्प द ब्लाइंड फाउंडेशन की ओर से 2015 से दी जा रही है।
बीएचयू के कृषि विज्ञान संस्थान के शताब्दी भवन में आयोजित कार्यक्रम में संस्था की बीएचयू इकाई की वॉलेंटियर डॉ. राका रे मंडल ने बताया कि कुल 124 छात्र-छात्राओं को 10 हजार रुपये (प्रत्येक) स्कॉलरशिप के रूप में दिये गए हैं। इनमें 45 प्रतिशत छात्राएं हैं। उन्होंने बताया कि बीएचयू परिसर से और आठ डीएवी कॉलेज से हैं। दृष्टिबाधित छात्र-छात्राओं को आर्थिक मदद देने की शुरुआत बीएचयू में आठ साल पहले हुई थी। कार्यक्रम से बेंगलुरु से ऑनलाइन जुड़े फाउंडेशन के ट्रस्टी डॉ. शिवाजी राव ने बताया कि संस्था का गठन 2008 में किया गया था। देश भर के काफी लोग इन बच्चों की मदद के लिए दान करते हैं। चेन्नै से फाउंडेशन की ट्रस्टी दीपा कृष्णमूर्ति भी ऑनलाइन जुड़ी थीं।
मुख्य अतिथि बीएचयू के रजिस्ट्रार प्रो. अरुण कुमार सिंह ने स्कॉलरशिप पाने वाले छात्र-छात्राओं को शुभकामना दी। वित्त अधिकारी डॉ. अभय कुमार ठाकुर ने बताया कि काफी कम समय में स्कॉलरशिप का वितरण कर दिया गया है। छात्र अधिष्ठाता प्रो. केके सिंह ने कहा कि दृष्टिबाधित छात्र-छात्राओं की तरह ही अन्य दिव्यांग बच्चों की मदद के लिए लोगों को आगे आना चाहिए। संगीत एवं मंचकला संकाय के दृष्टिबाधित छात्र-छात्राओं ने कुलगीत की प्रस्तुति की। कार्यक्रम का संचालन रमेश कुमार ने किया।