जकार्ता। भारत ने एशिया कप हॉकी प्रतियोगिता के सुपर फोर के अपने दूसरे लीग मैच में रविवार को मलेशिया के खिलाफ 3-3 से ड्रॉ खेला। मलेशियाई टीम शुरू से ही आक्रामक रही और आधे समय तक 2-0 की बढ़त लिए थी। हालांकि मैच के अंतिम समय में भारतीय टीम ने 3-2 की लीड ले ली थी, लेकिन मलेशिया ने एक गोल दागकर बराबरी हासिल कर ली।
मलेशिया की ओर से गोल करने की शुरुआत इस प्रतियोगिता के अबतक के बेस्ट स्कोरर राजी रहीम ने पेनाल्टी कॉर्नर के जरिए की। पहले क्वार्टर में मलेशिया 1-0 से आगे रहा। दूसरे क्वार्टर में फिर रहीम ने पेनाल्टी कॉर्नर के जरिए एक गोल दाग दिया। हालांकि भारत के खिलाड़ियों ने कई आक्रमण किये, लेकिन वे इन्हें गोल में तब्दील करने में नाकाम रहे। भारतीय डिफेंडरों ने मलेशिया के कई आक्रमण को बेकार भी किया।
तीसरे क्वार्टर में भारतीय खिलाड़ियों ने आक्रमण में तेजी दिखाई। इसका परिणाम रहा कि विष्णुकांत सिंह ने पेनाल्टी कॉर्नर के जरिए गोल कर स्कोर 1-2 कर दिया। इसके बाद पवन राजभर से मिले एक सटीक पास को एसवी सुनील ने मलेशियाई गोल में दागकर भारत को 2-2 की बराबरी दिला दी। फिर नीलम संजीप ने एक पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल दागकर भारत को 3-2 से बढ़त दिला दी, लेकिन रहीम ने अंतिम समय में एक गोल दागकर भारतीय खेमे को मायूस कर दिया। मुकाबला 3-3 से बराबर हो गया।
फोटो- सौजन्य गूगल