शरजाह। श्रीलंका ने अफगानिस्तान से एशिया कप प्रतियोगिता के ग्रुप मैच में मिली हार का बदला शनिवार को सुपर-4 के पहले मैच में चुका लिया। अफगानिस्तान से मिले 176 रन के लक्ष्य को श्रीलंका ने पांच गेंदें शेष रहते छह विकेट खोकर पार कर लिया। शरजाह में श्रीलंका सबसे बड़ा लक्ष्य पार करने वाली टीम भी बन गई। भानुका राजपक्षे ने अंतिम क्षणों में 14 गेंदों पर चार चौके और एक छक्के की मदद से 31 रन बनाकर श्रीलंका को जीत की दहलीज पर पहुंचाया। अफगानिस्तान के रहमानुल्लाह गुरबाज को उनकी 84 रनों की पारी के लिए मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
श्रीलंका को जीत के लिए अंतिम 30 गेंदों पर 49 रन बनाने थे। 16वें ओवर में नवीन उल हक की गेंदों पर श्रीलंकाई बल्लेबाजों ने 18 रन जोड़े। इस ओवर की अंतिम गेंद पर राजपक्षे को जीवनदान भी मिला। उस समय वह 23 रन पर थे। 17वें ओवर में श्रीलंका के 150 रन पूरे हो गए। इसके बाद राशिद खान ने धनिष्का गुणतिलका को बोल्ड कर मैच को रोमांचक मोड़ पर पहुंचा दिया। गुणतिलका ने दो चौके और दो छक्के की मदद से 33 रन बनाए। उस समय श्रीलंका को जीत के लिए 20 गेंदों पर 25 रन बनाने थे। भानुका राजपक्षे ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से श्रीलंका को जीत की दहलीज पर पहुंचा दिया। हालांकि जीत से दो रन पहले वह नवीन की गेंद पर बोल्ड हो गए। यह श्रीलंका का छठा विकेट था।
श्रीलंकाई बल्लेबाजों पाथुल निसांका और कुसल मेंडिस ने भी तेज शुरुआत की। श्रीलंका के 50 रन कुसल मेंडिस ने छठे ओवर में राशिद खान की पांचवीं गेंद पर मिडविकेट से छक्का लगाकर की। अगली गेंद पर फिर उन्होंने स्क्वायरलेग पर छक्का जड़ा। पावर प्ले खत्म होने के समय श्रीलंका ने बिना विकेट खोए 57 रन बना लिए।
अगले ही ओवर में श्रीलंका को पहला झटका लगा जब उसकी सबसे बड़ी उम्मीद मेंडिस को नवीन उल हक ने मिडविकेट पर इब्राहिम जादरान के हाथों कैच करा दिया। मेंडिस ने 19 गेंदों पर दो चौके और तीन छक्के की मदद से 36 रन बनाए। श्रीलंका को दूसरा झटका नवें ओवर की अंतिम गेंद पर मुजीब उर रहमान ने दिया, जब उन्होंने खुलकर खेल रहे निसंका को कैरम बॉल पर विकेट के पीछे कैच करा दिया। निसंका ने 28 गेंदों पर तीन चौके और एक छक्के की मदद से 35 रन बनाए। श्रीलंका का दूसरा विकेट 80 रन पर गिरा। 10वें ओवर तक श्रीलंका ने दो विकेट पर 82 रन बनाए थे।
श्रीलंका को तीसरा झटका नबी ने दिया, जब उन्होंने 12वें ओवर में चरिथा असलांका को 93 रन के कुल स्कोर पर बोल्ड कर दिया। इसी ओवर में धनुष्का गुणतिलका का आसान सा कैच छूटा और गेंद बाउंड्री के बाहर चली गई। इसी के साथ श्रीलंका के 100 रन भी पूरे हुए। 15वें ओवर में श्रीलंका का चौथा विकेट गिरा। मुजीब की गेंद पर कप्तान दासुन शनाका का बाउंड्री पर नजीबुल्लाह जादरान ने शानदार कैच पकड़ लिया। श्रीलंका का स्कोर उस समय 119 रन था। शनाका 10 रन ही बना सके। 15वें ओवर की समाप्ति पर श्रीलंका का स्कोर चार विकेट पर 127 रन था।
इसके पहले रहमानुल्लाह गुरबाज की आतिशी बल्लेबाजी और इब्राहिम जादरान के साथ दूसरे विकेट के लिए उनकी 93 रन की साझेदारी की मदद से अफगानिस्तान ने छह विकेट पर 175 रन बनाए। हालांकि एक समय यह स्कोर 180 रन के पार जाता दिख रहा था। श्रीलंकाई गेंदबाज 15वें ओवर तक रन लुटाते रहे, लेकिन अंतिम पांच ओवरों में उन्होंने थोड़ी कसी गेंदबाजी की और अफगानिस्तान को ज्यादा दूर नहीं जाने दिया। अंतिम पांच ओवरों में अफगानिस्तान के बल्लेबाजों ने 37 रन बनाए और पांच विकेट खोए।
अफगानिस्तान के बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही काफी तेज बल्लेबाजी की। पावर प्ले के पहले छह ओवरों तक श्रीलंका का टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला पूरी तरह ध्वस्त हो गया। हालांकि इसी दौरान श्रीलंका को पहली सफलता मिली, जब दिलशान मधुशंका ने हजरतुल्लाह जजाई को 46 रन के कुल योग पर बोल्ड कर दिया। जजाई ने 13 रन बनाए। छठा ओवर खत्म होने के समय अफगानिस्तान का स्कोर एक विकेट पर 49 रन थे। उस समय रहमानुल्लाह गुरबाज 14 गेंदों पर दो चौके और तीन छक्के की मदद से 34 रन बनाकर खेल रहे थे। श्रीलंका के 50 रन सातवें ओवर की पहली गेंद पर पूरे हुए।
रहमानुल्लाह ने अपना अर्धशतक 22 गेंदों पर तीन चौके और चार छक्के की मदद से नवें ओवर में पूरा कर लिया। 10वें ओवर की समाप्ति पर अफगानिस्तान ने एक विकेट पर 83 रन बना लिए थे। 13वें ओवर में रहमानुल्लाह और इब्राहिम जादरान के बीच दूसरे विकेट के लिए 50 रन की साझेदारी 47 गेंदों पर पूरी हुई। इसी ओवर में अफगानिस्तान के 100 रन भी पूरे हो गए।
15वें ओवर के पूरे होने तक अफगानिस्तान का स्कोर एक विकेट पर 138 रन था। यह इस प्रतियोगिता में अबतक 15 ओवरों में किसी भी टीम की ओर से बनाया सर्वाधिक स्कोर रहा। 16वें ओवर में रहमानुल्लाह की शानदार पारी का अंत हुआ। उन्हें असिथा फर्नांडो ने मिडविकेट पर हसरंगा के हाथों कैच कराया। रहमानुल्लाह ने 45 गेंदों पर पांच चौके और छह छक्के की मदद से 84 रन बनाए। उन्होंने दूसरे विकेट के लिए जादरान के साथ 64 गेंदों पर 93 रन की बहुमूल्य साझेदारी की।
अफगानिस्तान के 150 रन 17वें ओवर में पूरे हो गए। 151 रन के स्कोर पर अफगानिस्तान का तीसरा विकेट गिरा, जब जादरान मधुशंका की गेंद को विकेट के पीछे मारने के प्रयास में फर्नांडो को कैच दे बैठे। जादरान ने 38 गेंदों पर दो चौके और एक छक्के की मदद से 40 रन बनाए। अफगानिस्तान का चौथा विकेट 166 रन पर गिरा। ऑफ स्पिनर तीक्ष्णा ने कप्तान मोहम्मद नबी का अपनी ही गेंद पर कैच पकड़ा। 167 के स्कोर पर तेज बल्लेबाजी कर रहे नजीबुल्लाह जदरान रन आउट हो गए।