जकार्ता। एशिया कप हॉकी प्रतियोगिता के अपने दूसरे मैच में भारतीय टीम मंगलवार को 2-5 से हार गई। इसके साथ ही सुपर-4 में पहुंचने की उसकी उम्मीदें भी काफी कम हो गई हैं। पाकिस्तान के साथ एक दिन पहले 1-1 की बराबरी के बाद यह पराजय मुश्किल में डाल सकती है, क्योंकि मंगलवार को ही पाकिस्तान ने इंडोनेशिया पर 13-0 की बड़ी जीत दर्ज की।
जापान के खिलाफ अपेक्षाकृत युवा भारतीय टीम शुरू से ही दबाव में खेल रही थी। जापानी खिलाड़ियों ने दबदबा बनाए रखा। हालांकि भारत को शुरुआत में दो-चार मौके मिले जब मैदानी गोल किए जा सकते थे पर खिलाड़ी हर मौके को चूक गए। जापानी टीम के दबदबे की स्थिति इसी से समझी जा सकती है कि पूरे मैच में भारत ने सिर्फ दो पेनाल्टी कॉर्नर हासिल किए, जिनमें गोल नहीं हो सके। जापान को चार पेनाल्टी कॉर्नर मिले, जिनमें से दो पर गोल हुए।
जापान के लिए पहला गोल केन नागायोशी ने दूसरे क्वार्टर के सातवें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर पर किया। हाफ टाइम तक स्कोर 1-0 रहा। दूसरे हाफ में मैच के तीसरे क्वार्टर में जापानी खिलाड़ियों ने हमले और तेज कर दिए। तीसरे क्वार्टर की शुरुआत में ही जापान को पेनाल्टी कॉर्नर मिला, जो बेकार गया। हालांकि तत्काल अंपायर ने दूसरा पेनाल्टी कॉर्नर दे दिया। इसपर भारतीय टीम ने रेफरल लिया, जिसे तीसरे अंपायर ने मान्य करते हुए पेनाल्टी कॉर्नर खारिज कर दिया।
तीसरे क्वार्टर के 10वें मिनट में जापान के कोसेई कवाबी ने मैदानी गोल करते हुए स्कोर जापान के पक्ष में 2-0 कर दिया। इसी क्वार्टर के अंतिम मिनट में भारत के वीरेंद्र लाक़़ा ने लांग कॉर्नर पर सीधा गोल दागकर भारत के पक्ष में स्कोर 1-2 किया। चौथे और अंतिम क्वार्टर में खेल पर जापानी पूरी तरह हावी हो गए। पांचवें मिनट में फ्री हिट पर जापानी खिलाड़ी गेंद लेकर भारतीय पाले में घुस गए। उस समय कोई भी भारतीय खिलाड़ी उनके आसपास नहीं था। रायोमा ऊका ने मौका पाकर गोल ठोक दिया और स्कोर 3-1 हो गया। इसके तुरंत बाद भारतीय टीम आक्रामक हो गई और उत्तम सिंह ने गोलकर स्कोर 3-2 कर दिया। इसके बाद जापान के कोजी यामासाकी और ऊका ने दो और गोल दागकर स्कोर जापान के पक्ष में 5-2 कर दिया। अंतिम सीटी बजने तक यह स्कोर कायम रहा।
भारत को अब सुपर- में पहुंचने के लिए 26 मई को जापान और पाकिस्तान के बीच होने वाले मैच के परिणाम पर निर्भर करना पड़़ेगा। भारत को अपने ग्रुप का अंतिम मैच भी उसी दिन इंडोनेशिया से खेलना है।
फोटो- सौजन्य गूगल